Subscribe

RSS Feed (xml)



Powered By

Skin Design:
Free Blogger Skins

Powered by Blogger

Thursday, May 7, 2009

कुछ जगहों पर हिंसा के बीच मतदान जारी

चौथे चरण के चुनाव में 85 सीटों पर मतदान होना है


भारत में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान गुरुवार सुबह सात बजे से देश के आठ राज्यों में जारी है. अभी तक मतदान धीमा ही रहा है.
चौथे चरण में लोकसभा की 85 सीटों पर चुनाव हो रहा है और 1315 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें से 119 महिलाएँ हैं.
इस चरण में जिन प्रमुख नेताओं के राजनीतिक भाग्य का फ़ैसला होगा उनमें भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रणब मुखर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव प्रमुख हैं.
इसके अलावा नेशनल कॉन्फ़्रेंस के फ़ारुक़ अब्दुल्ला (श्रीनगर), कांग्रेस के कपिल सिब्बल (चांदनी चौक), सचिन पायलट (अजमेर), शेखर सुमन और शत्रुघ्न सिन्हा (पटना साहिब), भजन लाल (हिसार), अजित सिंह (बागपत). उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह एटा से समाजवादी पार्टी के समर्थन के साथ चुनाव मैदान में हैं.
पश्चिम बंगाल में हावड़ा से बीबीसी संवाददाता सुबीर भौमिक ने बताया है कि वहाँ सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं और सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. मुर्शीदाबाद में हुई चुनावी हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई है.
वहीं बीबीसी संवाददाता मोहनलाल शर्मा के मुताबिक सिंगूर में भी पुलिस पूरी चौकसी बरत रही है.
राजस्थान में पुलिस के मुताबिक बूथ पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे कुछ लोगों पर उसे गोली चलानी पड़ी जिसमे एक व्यक्ति की मौत हो गई.
कुछ अहम आंकड़े
दिल्ली में भी मतदान चल रहा है लेकिन गति अभी धीमी है. बीबीसी संवाददाता सुशीला सिंह चांदनी चौक में मौजूद हैं. उन्होंने बताया है कि गर्मी से राहत के लिए चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों पर पानी और शामियाने की व्यवस्था की है.
दिल्ली में प्रियंका गांधी ने सुबह-सुबह जाकर अपना वोट डाला. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
जबकि श्रीनगर में बीबीसी संवाददाता अल्ताफ़ हुसैन का कहना है कि वहाँ पृथकतावादी संगठनों के आह्वान के कारण मतदान केंद्रों पर अभी तक वोटर कम ही आ रहे हैं.
वहीं समाजावादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह की सैफ़ई में चुनाव आयोग के अधिकारी से नोकझोंक हो गई. बीबीसी संवाददाता रामदत्त त्रिपाठी का कहना है कि विवाद मतदान केंद्र पर बड़ी संख्या में सुरक्षा गार्डों की तैनाती को लेकर हुआ.
मुलायम सिंह को शक था कि ऐसा मुख्यमंत्री मायावती के कहने पर किया गया है. मुलायम सिंह मैनपुरी से चुनाव लड़ रहे हैं.
पंजाब और हरियाणा में भी मतदान चल रहा है जहाँ बादल परिवार और अमरिंदर सिंह परिवार के लोग मैदान में हैं.
इस चरण में राजस्थान की सभी 25 सीटों, हरियाणा की सभी दस सीटों, दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए मतदान हो रहा है.

चौथे चरण की सीटें
राजस्थान की 25
हरियाणा की 10
दिल्ली की सात
बिहार की तीन
पंजाब की चार
पश्चिम बंगाल की 17
उत्तर प्रदेश की 18
जम्मू-कश्मीर की एक
भारतीय चुनाव आयोग
राजस्थान में 346 प्रत्याशी, हरियाणा में 210 और दिल्ली में 160 प्रत्याशी अपने अपने नारों और वादों के साथ लोगों के फैसले की कसौटी पर हैं.
साथ ही बिहार की कुल 40 में से तीन सीटों के लिए मतदान हो रहा है. इन सीटों पर 57 प्रत्याशियों के भविष्य को मतदाता तय करने जा रहे हैं.
जम्मू-कश्मीर की छह में से एक सीट पर मतदान है. राज्य की श्रीनगर सीट से नेशनल कांफ्रेंस के नेता फ़ारूख़ अब्दुल्ला मैदान में हैं.
पंजाब की कुल 13 में से चार सीटों पर वोट पड़ रह हैं. इन सीटों पर 79 प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दाँव पर है.
उत्तर प्रदेश की कुल 80 में से 18 सीटों और पश्चिम बंगाल की कुल 42 में से 17 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.
चौथे चरण के पूरे होने के बाद लोकसभा की कुल 543 में से 457 सीटों के लिए मतदान पूरा हो जाएगा. अंतिम चरण का मतदान 13 मई को होना है.

No comments: