Subscribe

RSS Feed (xml)



Powered By

Skin Design:
Free Blogger Skins

Powered by Blogger

Monday, May 11, 2009

लोकसभा चुनाव के आख़िरी चरण की जंग

लोक सभा चुनाव के अंतिम चरण में 13 मई को मतदान होना है. इस चरण में कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है.
सोमवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था और इस दिन सभी बड़े नेताओं प्रचार पर पूरा ज़ोर लगाया.
इस दौर में केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम, पंचायती राज मंत्री मणिशंकर अय्यर, सड़क परिवहन मंत्री टीआर बालू, संचार मंत्री ए राजा, फ़िल्म अभिनेता विनोद खन्ना और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के भाग्य का फ़ैसला होना है.
इस अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश की पीलीभीत से वरुण गांधी, आंवला से मेनका गांधी, रामपुर से जयाप्रदा, बदायूं से सलीम शेरवानी और मुरादाबाद से पूर्व क्रिकेटर अज़हरूद्दीन के भाग्य का भी निर्णय होगा.
राजनीतिक पंडितों की नज़र पीलीभीत पर लगी है. इस सीट से वरुण गांधी चुनाव मैदान में हैं. वरुण गांधी अपने बयानों के कारण विवादों में रहे हैं इसलिए उनकी सीट पर सबकी निगाहें हैं.
साथ ही दक्षिणी राज्य तमिलनाडु की ओर भी सभी लोगों की नज़रें टिकी हैं. राज्य में सभी सीटों पर एकसाथ पाँचवें चरण में ही मतदान होना है.
यहाँ करुणानिधि बनाम जयललिता की लड़ाई और उसमें श्रीलंका के तमिल नागरिकों की स्थिति पर हो रही राजनीति चुनाव परिणामों को प्रभावित करेगी.
हिमांचल और उत्तराखंड की संसदीय सीटों के लिहाज से भी यह चुनाव महत्वपूर्ण है. कम सीटों वाले ये राज्य सत्ता के लिए गठबंधन के समीकरणों में महत्वपूर्ण हो सकते हैं.


पूरा ज़ोर


चुनाव प्रचार के लिए अंतिम दिन सभी राजनीतिक दल पूरा ज़ोर लगाकर मतदाताओं को रिझाते नज़र आए.



नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी चर्चा के केंद्र में रहे
मुख्य गतिविधियों का केंद्र बना पंजाब जहाँ लुधियाना में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह प्रचार करने पहुँचे तो अमृतसर में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी.
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर वार करते हुए कहा कि एनडीए में फूट पड़ती नज़र आ रही है और यूपीए फिर सरकार बनाने की स्थिति में है. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि सरकार बनाने के प्रयास में नाराज़ दलों को मनाया जा सकता है.
वहीं लालकृष्ण आडवाणी ने अमृतसर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 16 तारीख़ का दिन एनडीए का होगा और सरकार एनडीए की ही बनेगी.
वहीं लालू प्रसाद यादव और भाजपा के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप का क्रम जारी रहा. दोनों ने एक दूसरे को असफल और हारा हुआ बताकर एक दूसरे पर राजनीतिक निशाना साधा.
उल्लेखनीय है कि 15वीं लोक सभा के लिए पाँच चरणों में होने वाले चुनाव के अंतिम चरण यानी 13 मई को नौ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 86 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे.
इस चरण में हिमाचल प्रदेश की चार, जम्मू कश्मीर की दो, पंजाब की नौ, तमिलनाडु की 39, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की 11, उत्तराखंड की पांच, चंडीगढ़ और पाँडिचेरी की एक-एक सीट के लिए फ़ैसला होना है

No comments: