Subscribe

RSS Feed (xml)



Powered By

Skin Design:
Free Blogger Skins

Powered by Blogger

Saturday, May 9, 2009

विस्थापितों की ज़रूरतों से निपटने में लगा प्रशासन

पाकिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन स्वात से विस्थापित हुए करीब पाँच लाख लोगों की ज़रूरतों से निपटने के लिए तैयारी कर रहा है.
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक स्वात से करीब दो लाख लोग विस्थापित हुए हैं और तीन लाख लोग इलाका छोड़ने की तैयारी में हैं या भटक रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि ये विश्व के सबसे बड़े विस्थापन संकटों में से एक बन सकता है.
वहीं पश्चिमोत्तर इलाक़े में अधिकारियों ने कहा है कि स्वात में तालेबान के ख़िलाफ़ चल रहे ताज़ा अभियान में 140 से ज़्यादा चरमपंथी और सात सैनिक मारे गए हैं.
लेकिन सरकार के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है.
पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि इलाक़ा छोड़ कर जा रहे लोगों को तालेबान रोकने की कोशिश कर रहा है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने बीबीसी को बताया है कि सैन्य अभियान का मकसद क्षेत्र को चरमपंथ से मुक्ति दिलाना है.
उनका कहना था, "हमने सुलह करने की कोशिश की, बात करने की कोशिश की, हाथ आगे बढ़ाया लेकिन सरकार को चुनौती देने की अनमुति हम उन्हें नहीं दे सकते."
सैन्य अभियान तेज़
हमने सुलह करने की कोशिश की, बात करने की कोशिश की, हाथ आगे बढ़ाया लेकिन सरकार को चुनौती देने की अनमुति हम उन्हें नहीं दे सकते

शाह महमूद क़ुरैशी
स्वात इलाक़े में लंबे समय से तनाव की स्थिति रही है.
राहतकर्मियों के अनुसार जो लोग हाल ही में स्वात छोड़कर गए हैं उन्हें बेहद जल्दबाज़ी में भागना पड़ा है, कई परिवारों के लोग अलग हो गए हैं और शिविरों में रह रहे लोग सकते में हैं.
स्थानीय लोग कहते हैं कि मुख्य लड़ाई स्वात के मिंगोरा,कबाल और चारबाग़ इलाक़ों में केंद्रित है. बुनेर से भी लड़ाई की ख़बरें हैं.
शुक्रवार को सेना ने चरमपंथियों को ठिकानों पर हवाई हमले किए थे.
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता जनरल अथर अब्बास ने बीबीसी से बातचीत में कहा है कि अभियान के ज़रिए सेना स्वात, बुनेर से करीब चार से पाँच हज़ार तालेबान लड़ाकों को खदेड़ना चाहती है.
इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि सरकार को उम्मीद है कि सैन्य अभियान का लोग समर्थन करेंगे लेकिन अगर आम नागरिकों बड़ी संख्या में हताहत होते हैं तो ये समर्थन घट सकता है.

No comments: